• Fri. Feb 27th, 2026

Vaishno Devi Landslide : हमने समझा शोर बंदरों का है… फिर पहाड़ गिर पड़ा – चश्मदीदों की आंखों देखा खौफ

ByKrishna Das

Jul 21, 2025

नेशनल डेस्क:  कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा के दौरान आज एक बड़ा हादसा हो गया। पुराने यात्रा मार्ग पर अचानक भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से वहां अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 3 से 4 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच चुकी हैं और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा ? चश्मदीदों ने बताई भयावह कहानी
हादसे के समय वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि वे टिकट बुकिंग शेड के पास खड़े थे। तभी ऊपर की ओर से अजीब सी आवाजें आने लगीं। शुरुआत में लगा कि बंदर शेड पर उधम मचा रहे हैं, लेकिन चंद ही सेकंड में शोर तेज हुआ और पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते धूल का गुबार और पत्थरों की बौछार ने माहौल को खौफनाक बना दिया।

श्रद्धालु जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चारों ओर चीख-पुकार मच गई और कुछ लोग वहीं मलबे में दब गए। हादसे की जगह पर भारी चट्टानें गिरी हैं, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है, लेकिन एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

तीर्थ यात्रा बनी त्रासदी
वैष्णो देवी यात्रा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। हर दिन हजारों लोग यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पहाड़ी इलाके में इस तरह की प्राकृतिक आपदाएं कभी-कभी इस यात्रा को संकट में डाल देती हैं। मौसम विभाग ने हाल ही में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी दी थी, जो अब हकीकत बनकर सामने आई है।

फिलहाल की स्थिति
प्रशासन ने अस्थायी रूप से पुराने मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी है। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। राहत दलों को अतिरिक्त उपकरणों के साथ बुलाया गया है ताकि मलबे में फंसे लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके।

Krishna Das

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *