• Fri. Feb 27th, 2026

खरीफ तैयारी: बेमेतरा में खाद-बीज की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुदृढ़, गत वर्ष की तुलना में 113% बीज एवं 141% SSP खाद प्राप्त

ByKrishna Das

Jul 3, 2025

देव यादव बिलासपुर टाईम्स न्यूज रिपोर्टर बेमेतरा
बेमेतरा, 03 जुलाई 2025/- खरीफ सीजन 2025 की तैयारी के तहत बेमेतरा जिले में खाद-बीज की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिले में खरीफ फसलों की बोनी लगभग पूर्ण हो चुकी है और धान की रोपाई प्रारंभ हो गई है। कृषकों की सुविधा और खेती-किसानी में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में नियमित समीक्षा की जा रही है।

कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों को समितियों के माध्यम से खाद-बीज का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिले में डीएपी खाद की मांग अधिक है, किंतु उपलब्धता सीमित होने के कारण इसके विकल्प के रूप में सिंगल सुपर फास्फेट (SSP) और एनपीके (NPK) खाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन विकल्पों को प्रचारित करने कृषि विभाग द्वारा समितियों में बैनर व पोस्टर लगाए गए हैं।

अब तक जिले को गत वर्ष की तुलना में 141% सिंगल सुपर फास्फेट, 125% एनपीके खाद और 112% डीएपी खाद प्राप्त हो चुकी है। इनमें से 2649 मीट्रिक टन SSP और 515 मीट्रिक टन एनपीके खाद वर्तमान में भी समितियों में उपलब्ध हैं। बीज वितरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है—पिछले वर्ष 19742 क्विंटल बीज वितरित किए गए थे जबकि इस वर्ष अब तक 22375 क्विंटल बीज वितरित किए जा चुके हैं, जो 113.33% है।

शासन द्वारा सहकारी समितियों को प्राथमिकता देते हुए 70:30 के अनुपात में सहकारी बनाम निजी दुकानों को खाद आबंटन किया गया है। जिले के लिए कुल संशोधित खाद भंडारण लक्ष्य 65015 मी.टन निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 51054 मी.टन खाद प्राप्त हो चुकी है और 42988 मी.टन खाद का वितरण किया जा चुका है।

कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने किसानों से अपील की है कि समितियों में भंडारित खाद-बीज का शीघ्र उठाव करें और उन्नत कृषि के लिए डीएपी के विकल्प SSP व NPK खाद का उपयोग कर समृद्ध फसल प्राप्त करें।

Krishna Das

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *