• Fri. Feb 27th, 2026

श्रमिक परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन, टॉप टेन छात्रों को 1 लाख और दोपहिया वाहन के लिए अनुदान

ByKrishna Das

Jul 1, 2025

बिलासपुर, 1 जुलाई 2025। श्रमिक परिवारों के बच्चों को अब पढ़ाई के लिए मिलेगा जबरदस्त प्रोत्साहन। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल द्वारा संचालित योजनाओं के तहत जिले के पंजीकृत श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को आकर्षक छात्रवृत्ति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से लेकर पीएचडी तक के विद्यार्थियों को हर वर्ष 1,000 से 10,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत कक्षा 10वीं, 12वीं और उच्च शिक्षा में 75% या अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को 5,000 से 12,500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

सबसे खास बात यह है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रदेश स्तरीय परीक्षा में टॉप टेन में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्रों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और 1 लाख रुपये का अनुदान दोपहिया वाहन खरीदने के लिए दिया जाएगा।

छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए श्रमिक 31 दिसंबर तक “श्रमेव जयते” मोबाइल ऐप या विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर या लोक सेवा केंद्रों के जरिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

पूर्व में छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अन्य विभागों से लाभ प्राप्त करने वाले छात्रों को श्रम विभाग की योजना का लाभ नहीं मिलता था, लेकिन अब वर्ष 2022 की अधिसूचना के अनुसार, यदि कोई छात्र अन्य संस्थान या विभाग से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहा है, तो वह कल्याण मंडल की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए भी पात्र होगा।

यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें।

Ask ChatGPT
Krishna Das

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *