बिलासपुर, 1 जुलाई 2025 – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत बांधा में हितग्राही चयन में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। प्राप्त शिकायत की जांच के बाद तीन अधिकारियों – आवास मित्र राजेश कुमार सोनवानी, तत्कालीन अस्थायी रोजगार सहायक रितेश श्रीवास और सचिव दिलीप पात्रे – के खिलाफ गंभीर आरोप साबित हुए हैं, जिसके आधार पर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच में सामने आया कि राजेश कुमार सोनवानी ने कूट रचना कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6 हितग्राहियों – लैनी बाई/जनक राम गंधर्व, राजेश कुमार/कन्हैया, सरस्वती मरावी/रामस्वरूप, सोना/प्रदीप कुमार अग्रवाल, रामफल पोर्ते और गंगोत्री यादव – के नाम पर फर्जी जियो टैगिंग और पंजीयन कर आवास की पूरी राशि का गबन कर लिया। आरोप है कि उसने अपने ही परिवार के सदस्यों के नाम पर भी फर्जी पंजीयन कर राशि निकाली।
इसके अलावा, तत्कालीन अस्थायी रोजगार सहायक रितेश श्रीवास ने भी आवासों का गलत पंजीयन एवं जियो टैगिंग की, जबकि सचिव दिलीप पात्रे ने ग्रामसभा में फर्जी दस्तावेजों को सत्यापित कर गलत प्रस्ताव पारित किया।
इन सभी के विरुद्ध जनपद पंचायत तखतपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रशासन अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।
